महराजगंज। परतावल ब्लॉक के धनहा नायक स्थित जीडी नेशनल स्कूल में मानदेय मांगना एक अध्यापक को भारी पड़ गया। आरोप है कि बकाया मानदेय की मांग करने पहुंचे शिक्षक के साथ विद्यालय प्रबंधक ने न केवल अभद्रता की, बल्कि अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें स्कूल से बाहर खदेड़ दिया। हद तो तब हो गई, जब प्रबंधक पर डंडा उठाकर शिक्षक को मारने का प्रयास करने का भी आरोप लगा।मानदेय मांगने पर शिक्षक के साथ इस तरह के कथित दुर्व्यवहार की घटना ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस शिक्षक पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, उसी के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया जाना शिक्षा जगत की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला मामला है।फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है। शिक्षक के मानदेय भुगतान और उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।

