महराजगंज। परतावल बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर रविवार की रात खाटू श्याम के जयकारों और भजनों की मधुर धुनों से गुंजायमान हो उठा। श्याम मंडल समिति वार्ड नंबर 11, स्वतंत्रता सेनानी नगर, नगर पंचायत परतावल की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य श्याम महोत्सव का आयोजन किया गया। भजन गायिका शिप्रा शलोनी एवं गायक सचिन गुप्ता ने अपनी सुमधुर आवाज से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति के सागर में गोते लगाते रहे।कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्याम के पूजन-अर्चन एवं ज्योत प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद भजन गायिका शिप्रा शलोनी ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं गायक सचिन गुप्ता ने खाटू श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया।‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’, ‘कीर्तन की है रात, बाबा आज थाने आणो है’ और ‘लखदातार की आरती’ जैसे भजनों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

भजनों की धुन पर श्रद्धालु हाथ उठाकर बाबा श्याम के जयकारे लगाने लगे। मंदिर परिसर में हर ओर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।श्याम महोत्सव में क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों, व्यापारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्याम मंडल समिति की ओर से आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम ने परतावल क्षेत्र को पूरी तरह श्याममय कर दिया।कार्यक्रम के अंत में बाबा श्याम की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ।

