महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को लक्ष्मीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनरसिहा कला स्थित प्राचीन बौद्ध स्थल देवदह में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विपश्यना हॉल, नवनिर्मित अतिथि गृह, प्राचीन बौद्ध स्तूप, उत्खनन स्थल और जलाशय के सौंदर्यीकरण कार्यों का अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन, राजस्व, उत्खनन और पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि देवदह विकास योजनाओं की प्रगति जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखनी चाहिए। उन्होंने विपश्यना हॉल के पास लगभग 20 एकड़ भूमि नियमानुसार क्रय करने का निर्देश दिया। भूमि उपलब्ध होने पर यहां पार्किंग, ध्यान केंद्र, ओपन थिएटर, भोजनालय और वृक्षारोपण जैसे अतिरिक्त कार्य कराए जाएंगे।जिलाधिकारी ने विपश्यना हॉल में गौतम बुद्ध की विशाल मूर्ति स्थापित करने तथा प्राचीन जलाशय के मध्य द्वीपनुमा क्षेत्र में गौतम बुद्ध, महामाया और गौतमी प्रजापति की मूर्तियां लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने जलाशय सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेंद्र राव, महेंद्र जायसवाल और लक्ष्मीचंद्र पटेल ने बौद्ध स्तूप पर पहुंचकर जिलाधिकारी का स्वागत किया और उन्हें गौतम बुद्ध की मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया। समिति सदस्यों ने बताया कि वर्षों से उपेक्षित यह धरोहर अब तेजी से विकसित हो रही है।इस अवसर पर एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी गोरखपुर आरती यादव, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी कृष्ण मोहन दुबे, सीओ अंकुर गौतम, बीडीओ मृत्युंजय यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने देवदह में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, 20 एकड़ भूमि खरीदी की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

