परतावल/महराजगंज। स्वास्थ्य विभाग एक ओर पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है, वहीं दूसरी ओर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) श्यामदेउरवा से सामने आई एक घटना ने वैक्सीन के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम लगभग 7:34 बजे पीएचसी श्यामदेउरवा परिसर में अस्पताल के बाहर एक वैक्सीन बॉक्स रखा हुआ दिखाई दिया। वैक्सीन को निर्धारित तापमान (कोल्ड चेन) में सुरक्षित रखना स्वास्थ्य विभाग की अनिवार्य व्यवस्था का हिस्सा है। ऐसे में खुले स्थान पर वैक्सीन बॉक्स रखा होना गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।मौके पर मौजूद नाइट ड्यूटी में तैनात नर्सिंग स्टाफ से इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि, “वैक्सीन बॉक्स बाहर ही रखा रहता है। जिसे आवश्यकता होती है, वह आकर इसे ले जाता है।” इस कथन के बाद वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर कई प्रश्न उठने लगे हैं
मामले की जानकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार को दी गई। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद विभाग क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

