निचलौल। निचलौल क्षेत्र में एक संवेदनशील मामला सामने आया, जहां शव लेकर जा रहा वाहन पेट्रोल पंप पर दो घंटे तक इंतजार करने के बावजूद डीजल नहीं ले सका। यह घटना निचलौल-चिऊटहां मार्ग स्थित पेट्रोल पंप की है, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, सिधावे गांव निवासी सर्वेश कसौधन का बुधवार को निधन हो गया था। परिजन उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए पिकअप वाहन से ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में वाहन का ईंधन खत्म हो गया। इसके बाद वाहन को पास के पेट्रोल पंप पर लाया गया।
चालक ने करीब दो घंटे तक लाइन में लगकर डीजल लेने की कोशिश की, लेकिन पंप पर तेल खत्म होने की बात कहकर आपूर्ति बंद कर दी गई। इस दौरान शव वाहन में ही पड़ा रहा और परिजन बेबस नजर आए।
घटना के दौरान मौजूद लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना था कि हालात ऐसे हो गए हैं कि अब शव वाहन को भी लाइन में लगना पड़ रहा है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने पेट्रोल पंपों की अव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर आपात स्थिति में भी समय पर ईंधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
वहीं, पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी, लेकिन सभी पेट्रोल पंप संचालकों को पहले से ही निर्देश दिए गए हैं कि आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता दी जाए।

