लखनऊ। राजधानी में नगर निगम ने पालतू कुत्तों के लाइसेंस को लेकर सख्ती तेज कर दी है। मंगलवार को निगम की विशेष टीम ने इंदिरानगर सहित कई इलाकों में अभियान चलाकर पालतू कुत्तों के लाइसेंस की जांच की। अभियान के दौरान बिना लाइसेंस कुत्ता घुमाने पर चार लोगों से 20-20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सख्ती के साथ ही मौके पर ही दो कुत्तों के लाइसेंस भी जारी किए गए, ताकि पालतू पशु मालिकों को लाइसेंस प्रक्रिया में सुविधा मिल सके। वहीं, जिन दो मालिकों ने आवश्यक एंटी-रेबीज़ टीकाकरण पूरा नहीं कराया था, उनके लाइसेंस फिलहाल लंबित रखे गए और पहले टीकाकरण पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
अभियान में डॉग कैचिंग स्क्वॉड, प्रवर्तन टीम व पशु कल्याण विभाग संयुक्त रूप से शामिल रहे। इस दौरान नागरिकों को लाइसेंसिंग, वैक्सीनेशन और सुरक्षा से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि पालतू कुत्तों से संबंधित बढ़ती शिकायतों को देखते हुए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। नियमों का पालन न करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में स्वच्छता और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

