महराजगंज। महराजगंज जिले में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए विद्युत विभाग ने महत्वपूर्ण मरम्मत कार्य की तैयारी की है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र महराजगंज से जुड़े सभी 11 केवी फीडरों पर लगे पुराने और जर्जर तारों को बदलने का काम किया जाएगा।
इस कारण 18 नवंबर 2025 से 21 नवंबर 2025 तक रोजाना सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।
अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पुराने तारों की वजह से लगातार फाल्ट की समस्या बढ़ रही थी। निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए यह कार्य आवश्यक हो गया है।
चार दिनों की निर्धारित अवधि में तकनीकी टीमें पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहेंगी और समय पर काम पूरा किया जाएगा।
विभाग ने मुख्यालय क्षेत्र समेत सभी प्रभावित इलाकों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे आवश्यक कार्य पहले ही पूरा कर लें ताकि बिजली कटौती के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

