महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र में पराली जलाने के मामलों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। क्षेत्र में लगातार निरीक्षण के दौरान अब तक पराली जलाते हुए 60 किसानों के खिलाफ दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन कर पराली जलाने में उपयोग की गई 6 कंबाइन मशीनें भी प्रशासन द्वारा जब्त कर ली गई हैं।
उप जिलाधिकारी फरेंदा शैलेन्द्र गौतम ने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण न कर पाने के कारण चार लेखपालों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिन ग्राम पंचायतों में पराली जलाने की शिकायतें अधिक मिली हैं, वहां के सचिवों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासनिक टीमें क्षेत्र का नियमित भ्रमण कर किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक कर रही हैं।
पराली जलने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई भी कर रही है। एसडीएम ने कहा कि पराली जलाना स्वास्थ्य, पर्यावरण और मिट्टी की उर्वरता के लिए हानिकारक है, इसलिए इससे बचना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पराली जलाते हुए पकड़े जाने पर संबंधित किसान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली निस्तारण के वैकल्पिक और सुरक्षित तरीकों का उपयोग करें तथा प्रशासन के साथ सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में प्रदूषण को नियंत्रित रखकर एक स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

