पनियरा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गेहुअना निवासी अब्दुल (36) का शव लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की पटरी पर मिलने से परिवार में मातम छा गया है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन से कटने के कारण उसकी मौत हुई।
बताया गया कि अब्दुल चार महीने पहले कोयंबतूर काम करने गया था, जहाँ वह पेंट और पॉलिश का कार्य करता था। 13 नवंबर को वह घर लौटने के लिए टिकट लेकर ट्रेन में सवार हुआ था। सोमवार, 17 नवंबर को चारबाग रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने मोबाइल के जरिए परिजनों को सूचना दी कि अब्दुल की ट्रेन हादसे में मौत हो गई है।
अब्दुल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और चार बहनों में सबसे बड़ा भाई था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके दो पुत्र हैं, जिनकी उम्र 8 और 5 वर्ष है। दुर्घटना के बाद उसकी पत्नी अफसाना और परिजन गहरे शोक में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है।

