मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज जनपद के नौतनवा में 208 करोड़ रुपये की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चाभी, चेक और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए तथा विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में महराजगंज की तस्वीर बदली है और प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर आधुनिक उत्तर प्रदेश के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिले को जेई/एईएस जैसी गंभीर बीमारियों से मुक्ति दिलाने का कार्य किया है।उन्होंने गोरखपुर–सोनौली फोरलेन, रोहिन बैराज, बनैलिया देवी मंदिर और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सड़क, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर रही है। वनटांगिया गांवों को पहचान और अधिकार दिलाने का कार्य भी सरकार ने किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का युवा प्रदेश के बाहर अपनी पहचान गर्व से बताता है। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
महराजगंज: 208 करोड़ की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, नौतनवा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

