महाराजगंज: निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा जमुई पंडित में गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव में पिछले पांच दिनों से एक बंदर के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने हाईवे को दोनों तरफ से जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बंदर लगातार लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर काट रहा है, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बंदर के हमले से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घरों से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। गुरुवार को ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बंदर को पकड़कर एक कमरे में कैद कर दिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन आरोप है कि विभाग की ओर से बंदर को पकड़ने के लिए पैसे की मांग की गई।
वन विभाग के रवैये से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर उतरकर दोनों तरफ से जाम लगा दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सैकड़ों लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
समाचार लिखे जाने तक मौके पर न तो वन विभाग की टीम पहुंची थी और न ही पुलिस प्रशासन की ओर से कोई सहायता उपलब्ध कराई गई थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

