Screenshot_2026-08-14-16-09-54-25
previous arrow
next arrow
NEET अभ्यर्थी चंचल भारती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रश्न पुस्तिका पर मिला भावुक संदेश - Hind Abhiman Times, Newspaper
Sun. Aug 16th, 2026

NEET अभ्यर्थी चंचल भारती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रश्न पुस्तिका पर मिला भावुक संदेश

हिन्द अभिमान टाइम्स, महराजगंज। सदर थाना क्षेत्र के चौपरिया कंचनपुर गांव की रहने वाली NEET अभ्यर्थी चंचल भारती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के निधन से परिवार समेत गांव में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार चंचल भारती लंबे समय से मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही थी। हाल ही में आयोजित पुनः परीक्षा (री-एग्जाम) के बाद वह मानसिक तनाव में बताई जा रही थी। सोमवार को परिजनों ने उसे घर में अचेत अवस्था में पाया। इसके बाद तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जांच के दौरान पुलिस को छात्रा की NEET प्रश्न पुस्तिका पर लिखा एक भावुक संदेश मिला, जिसमें लिखा था— “मेरे से कुछ नहीं हो सकता भइया।” इस संदेश ने घटना को और अधिक मार्मिक बना दिया है तथा कई सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों के अनुसार चंचल पढ़ाई में मेधावी और मेहनती छात्रा थी। उसका सपना डॉक्टर बनकर परिवार और समाज की सेवा करना था।

उसके पिता सिलाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और बच्चों की शिक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे थे। बेटी की असमय मृत्यु से परिवार के सपनों को गहरा आघात पहुंचा है। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से प्राप्त लिखित संदेश सहित सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *